रीवा. रीवा के शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय परिसर में गुरुवार को गांधीजी की प्रतिमा के अनावरण पर विवाद हो गया है। कॉलेज के छात्रों का आरोप है कि जो प्रतिमा कॉलेज में लगाई गई है, वह गांधीजी की नहीं है, बल्कि गांधी फिल्म में महात्मा गांधी का किरदार निभाने वाले बेन किंगस्ले की है, जो हॉलीवुड अभिनेता और एक अंग्रेज हैं। उससे मिलती-जुलती है। ऐसा कृत्य करने वालों के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज किया जाए, वरना हम गांधीजी पर कार्यक्रम नहीं होने देंगे।
छात्रों का आरोप है कि ये मूर्तियां एक ही जगह से आई हैं और कॉलेजों में सप्लाई की गई हैं। हमने इसकी शिकायत प्राचार्य से की है। हमने उनसे मांग की है कि इस प्रतिमा की जांच कराई जाए। जब तक ये प्रतिमा हटाई नहीं जाती और इसे लगाने वालों पर देशद्रोह का केस दर्ज नहीं किया जाता है तब तक हम गांधीजी पर कार्यक्रम नहीं होने देंगे। मामले को लेकर कॉलेज के सभी छात्र परिसर में बाहर आ गए हैं और प्रतिमा के सामने काॅलेज प्रशासन के विरोध में नारेबाजी कर रहे हैं।
गांधीजी की पुण्यतिथि पर राज्य के सभी कॉलेजों में लगाई गई हैं गांधी प्रतिमाएं
गुरुवार को राज्य सरकार ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर राज्य के सभी महाविद्यालयों में गांधीजी की प्रतिमाएं लगाने और विश्वविद्यालयों में गांधी चेयर की स्थापना करने के लिए कार्यक्रमों का आयोजन किया है। इसी के तहत रीवा के कॉलेजों में गांधी मूर्तियों का अनावरण किया गया है।
समिति का गठन किया है, वह जांच करेगी : प्रभारी प्राचार्य
शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. ओपी गुप्ता ने बताया कि महात्मा गांधीजी की प्रतिमा शासन के निर्देशानुसार लगवाई गई है। छात्रों का कहना है कि ये प्रतिमा गांधीजी की नहीं है। इसलिए हमने एक समिति बनाने का निर्णय लिया है। कमेटी जांच करेगी कि यह गांधीजी की प्रतिमा है या नहीं।